ब्रेकिंग न्यूज़

गोरखपुर : जंगल कौड़िया ब्लॉक में सफाई कर्मी की शराब पीते फोटो वायरल, निलंबित...



गोरखपुर जनपद के जंगल कौड़िया ब्लॉक मुख्यालय पर ड्यूटी के दौरान मदिरा सेवन करने, कर्मचारी आचरण नियमावली का उल्लंघन करने, अपने दायित्वों का पालन न करने तथा उच्च अधिकारियों के आदेशों की अवहेलना करने के गंभीर आरोपों में सफाई कर्मी संतोष कुमार यादव को गुरुवार को तत्काल प्रभाव से निलंबित कर दिया गया है। 

मामला तब सुर्खियों में आया जब एडीओ पंचायत कार्यालय में सफाई कर्मी की एक तस्वीर सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो गई। फोटो में सफाई कर्मी हाथ में सिगरेट लिए धुआं उड़ाते नजर आ रहे हैं, जबकि मेज पर शराब की बोतल, नमकीन, पानी का गिलास और सिगरेट का पैकेट स्पष्ट रूप से दिखाई दे रहा है। 

बैकग्राउंड में लकड़ी की अलमारी पर 'पंचायत 22' अंकित है, जो इस बात की पुष्टि करता है कि यह घटना ब्लॉक के पंचायत कार्यालय से जुड़ी हुई है।

तस्वीर के वायरल होने के बाद सोशल मीडिया पर लोगों ने तीखी प्रतिक्रियाएं दीं। कई यूजर्स ने सफाई कर्मी की कार्यशैली पर गंभीर सवाल उठाए और तुरंत कार्रवाई की मांग की।

No comments