ब्रेकिंग न्यूज़

राशन वितरण के दौरान बड़ा हादसा – बुजुर्ग महिला की मौत



गोरखपुर जनपद के झंगहा थाना क्षेत्र के ग्राम सभा जंगल रसूलपुर नंबर दो स्थित ब्लूघटा गांव में गुरुवार दोपहर राशन वितरण के दौरान बड़ा हादसा हो गया। सरकारी सस्ते गल्ले की दुकान के बाहर लाइन में खड़े लोगों पर अचानक पास के दो मंजिला मकान की दीवार का हिस्सा भरभराकर गिर पड़ा।
हादसे में 65 वर्षीय लीलावती देवी, पत्नी लाल बिहारी मौर्य, मलबे में दब गईं और मौके पर ही उनकी मौत हो गई। वहीं तीन अन्य ग्रामीण गंभीर रूप से घायल हो गए, जिन्हें आनन-फानन में नजदीकी अस्पताल में भर्ती कराया गया है। घायलों की हालत गंभीर बताई जा रही है।

प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, दोपहर करीब दो बजे ग्रामीण राशन लेने के लिए लाइन में खड़े थे, तभी दीवार का हिस्सा अचानक गिर गया। हादसे के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई और ग्रामीणों ने तत्काल राहत कार्य शुरू कर मलबे में दबे लोगों को बाहर निकाला।

सूचना मिलते ही झंगहा पुलिस मौके पर पहुंची और स्थिति को नियंत्रित किया। शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है। घटना को लेकर ग्रामीणों में आक्रोश व्याप्त है।

सीओ चौरीचौरा मनीष कुमार शर्मा ने बताया कि तहरीर मिलने पर मुकदमा दर्ज कर आगे की कार्रवाई की जाएगी।

No comments