ब्रेकिंग न्यूज़

6 वर्षीय मासूम छात्र की नदी में डूबने की आशंकाNDRF सर्चिंग में जुटी

 


10 किलोमीटर तक 30 CCTV फुटेज खंगाले, अब तक सुराग नहीं

गोरखपुर जिले के पीपीगंज थाना क्षेत्र के तुर्कवलिया गांव में पहली कक्षा के मासूम छात्र के नदी में डूबने की आशंका के बाद हड़कंप मच गया है। सूचना मिलते ही पुलिस और NDRF की टीम मौके पर पहुंच गई और सर्च ऑपरेशन शुरू कर दिया गया है।

बताया जा रहा है कि बालक 22 फरवरी की शाम करीब 6 बजे घर से निकला था, लेकिन देर रात तक वापस नहीं लौटा। परिजनों ने काफी खोजबीन के बाद थाने में शिकायत दर्ज कराई। इसके बाद पुलिस ने डॉग स्क्वायड की मदद से तलाश शुरू की, जो नदी किनारे तक पहुंची। इसी आधार पर बच्चे के नदी में डूबने की आशंका जताई जा रही है।

सोमवार सुबह करीब 8 बजे से NDRF की टीम ने नदी में सर्चिंग अभियान तेज कर दिया। अब तक करीब 2 किलोमीटर तक नदी में तलाशी ली जा चुकी है। वहीं पुलिस ने आसपास के 10 किलोमीटर के दायरे में लगे लगभग 30 सीसीटीवी कैमरों की फुटेज भी खंगाली है, लेकिन अभी तक कोई ठोस सुराग नहीं मिल सका है।

बालक की पहचान रौनक यादव (6) पुत्र अमरजीत यादव के रूप में हुई है। वह गांव के ही प्राथमिक विद्यालय में कक्षा एक का छात्र था। रौनक अपने माता-पिता का इकलौता बेटा था और दो बहनों में दूसरे नंबर पर था।

घटना की सूचना मिलते ही गांव में मातम पसर गया है। मौके पर स्थानीय लोग और जनप्रतिनिधि भी पहुंच रहे हैं। ग्रामीणों का कहना है कि प्रशासन गंभीरता से सर्च अभियान चला रहा है और सभी लोग सहयोग कर रहे हैं।

SDRF टीम के दरोगा अभिषेक सिंह ने बताया कि एक से दो किलोमीटर के दायरे में सर्च ऑपरेशन जारी है। जब तक बच्चे का पता नहीं चल जाता, अभियान लगातार चलता रहेगा।
फिलहाल पूरे इलाके में बेचैनी का माहौल है और परिवार का रो-रोकर बुरा हाल है। प्रशासन की ओर से हर संभव प्रयास किए जा रहे हैं।

No comments