ब्रेकिंग न्यूज़

गोरखपुर जनपद पीपीगंज क्षेत्र के पंचगांवा के गुरम पोखरे मे मिला छात्रा का शव।


गोरखपुर जिले के पीपीगंज थाना क्षेत्र मे स्थित गुरम समय माता मंदिर परिसर के गुरम पोखरे में एक 16 वर्षीय किशोरी का शव बरामद हुआ है। सूचना मिलने पर एसपी नार्थ, स्थानीय पुलिस और फोरेंसिक टीम मौके पर पहुंची। जांच-पड़ताल के बाद शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया। मृतका की पहचान पास के गांव पंचगांवा निवासी अनिलसिंह की पुत्री रीतिका सिंह के रूप में हुई है।

परिजनों ने किशोरी की मौत का कारण डूबना बताया है। हालांकि, स्थानीय लोगों में इसे लेकर तरह-तरह की चर्चाएं हैं। कुछ लोग इसे सामान्य मौत मान रहे हैं, जबकि कुछ ने हत्या कर शव तालाब में फेंके जाने की आशंका जताई है। पुलिस ने किशोरी के मोबाइल में मिले कुछ आपत्तिजनक चैट के आधार पर इस मामले में चार संदिग्धों को हिरासत में लेकर पूछताछ शुरू कर दी है।
पुलिस सभी संभावित पहलुओं की जांच कर रही है। पीपीगंज थानाध्यक्ष अरुण सिंह ने बताया कि किशोरी के परिजनों ने पहले उसके लापता होने की सूचना दी थी। सुबह उन्होंने पुलिस को बताया कि किशोरी की मौत तालाब में पैर फिसलकर डूबने से हुई है। हालांकि, पुलिस का कहना है कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही मौत का मूल कारण स्पष्ट हो पाएगा और जांच सभी संभावित बिंदुओं पर जारी है।

मृतका रीतिका पीपीगंज के हरपुर स्थित एम.वी. गर्ल्स इंटर कॉलेज में सातवीं कक्षा की छात्रा थी। वह अपने एक भाई और तीन बहनों में सबसे बड़ी थी। उसके पिता अनिल सिंह विदेश में नौकरी के लिए जाने वाले थे और इसी सिलसिले में कल शाम गोरखपुर से घर पहुंचे थे।
सूत्रों के अनुसार, किशोरी के घर पर एक मोबाइल फोन था। कल शाम जब उसके पिता ने फोन ऑनलाइन किया, तो उसमें आपत्तिजनक मैसेज देखकर नाराजगी जताई। उन्होंने किशोरी से इस बारे में कड़ाई से पूछताछ की। परिजनों के मुताबिक, इसके बाद किशोरी रात करीब आठ बजे बिना किसी को बताए घर से निकल गई थी। इसकी सूचना पुलिस को भी दी गई थी।

सूत्रों ने यह भी बताया कि जिस तालाब के पास किशोरी का शव मिला है, वहां रात में करीब एक दर्जन युवकों ने नए साल की पार्टी की थी। इस दौरान कुछ विवाद की सूचना मिलने पर कैंपियरगंज की पुलिस भी रात में मौके पर पहुंची थी। किशोरी की मौत को लेकर विभिन्न तरह की अटकलें लगाई जा रही हैं

No comments