ब्रेकिंग न्यूज़

मंत्री के स्वागत के दौरान पलटा बुलडोजर, कई लोग घायल


कुशीनगर जिले से बड़ी खबर सामने आई है, जहां कैबिनेट मंत्री डॉ. संजय निषाद के स्वागत कार्यक्रम के दौरान बड़ा हादसा हो गया। स्वागत में लगाए गए एक बुलडोजर के ट्रक से टकराने के बाद अनियंत्रित होकर पलट जाने से मौके पर अफरा-तफरी मच गई। इस हादसे में कई लोग घायल हो गए।
प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक, हादसा उस वक्त हुआ जब बुलडोजर सड़क किनारे खड़ा था। इसी दौरान एक ट्रक ने बुलडोजर को जोरदार टक्कर मार दी, जिससे बुलडोजर पलट गया। अचानक हुए इस हादसे से मौके पर मौजूद लोगों में भगदड़ मच गई।
हादसे के तुरंत बाद घायलों को इलाज के लिए नजदीकी निजी अस्पताल में भर्ती कराया गया। सूचना मिलने पर कैबिनेट मंत्री डॉ. संजय निषाद स्वयं अस्पताल पहुंचे और घायलों का हालचाल जाना। मंत्री ने डॉक्टरों को बेहतर इलाज के निर्देश भी दिए।
घटना की जानकारी मिलते ही निषाद पार्टी के कार्यकर्ता भी मौके पर पहुंच गए और राहत व बचाव कार्य में जुट गए। घायलों को अस्पताल पहुंचाने में स्थानीय लोगों और पार्टी कार्यकर्ताओं ने सक्रिय भूमिका निभाई।
बताया जा रहा है कि हादसे के बाद मौके पर कुछ समय के लिए यातायात भी बाधित हो गया। सूचना पर पुलिस बल भी घटनास्थल पर पहुंचा और स्थिति को नियंत्रित किया।
यह घटना तमकुहीराज थाना क्षेत्र के लबनिया चौराहे के पास की बताई जा रही है। फिलहाल पुलिस पूरे मामले की जांच कर रही है और हादसे के कारणों का पता लगाया जा रहा है।

No comments