ब्रेकिंग न्यूज़

गोरखपुर : डीएम दीपक मीणा ने कैम्पियरगंज तहसील का किया निरीक्षण, लंबित वादों के शीघ्र निस्तारण के निर्देश

कैम्पियरगंज। डीएम दीपक मीणा ने शनिवार को सम्पूर्ण समाधान दिवस के बाद दो घंटे तक गहनता से तहसील का औचक निरीक्षण कर बिल्डिंग,साफ सफाई, विभिन्न न्यायालयों एवं कार्यालयों की कार्यप्रणाली का जायजा लिया। निरीक्षण के दौरान उन्होंने एसडीएम न्यायालय, तहसीलदार न्यायालय,आरके कार्यालय,खतौनी कक्ष,सप्लाई कार्यालय, संग्रह कक्ष, उप निबंधक कार्यालय सहित तहसील के विभिन्न पटलों का निरीक्षण कर संबंधित अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए। बिल्डिंग की दयनीय स्थिति पर तहसीलदार को खरी खोटी सुनाई और बेहतर स्थिति बनाने के लिए स्टीमेट बनवाकर भेजने को कहा।




निरीक्षण के दौरान डीएम ने सर्वप्रथम एसडीएम न्यायालय का निरीक्षण किया। यहां धारा 38, धारा 24 एवं धारा 116 से संबंधित लंबित पत्रावलियों का अवलोकन करते हुए एक से तीन वर्ष तक लंबित वादों में नियमित तिथि निर्धारित कर दोनों पक्षों की सुनवाई करते हुए समयबद्ध निस्तारण करने के निर्देश दिए। इसके पश्चात डीएम ने तहसीलदार ऊन न्यायालय का निरीक्षण कर धारा 34 से संबंधित लंबित पत्रावलियों की समीक्षा की तथा सभी लंबित वादों का नियमानुसार शीघ्र निस्तारण सुनिश्चित करने को कहा। उन्होंने अन्य लंबित प्रकरणों के त्वरित निस्तारण पर भी विशेष जोर दिया।
निरीक्षण के क्रम में आरके कार्यालय में आर-6 रजिस्टर का निरीक्षण किया। खतौनी कक्ष में खसरा संख्या के अनुसार कंप्यूटराइज्ड खतौनी का मिलान किया, जो सही पाई गई। रिकॉर्ड रूम में अभिलेखों का निरीक्षण किया। डीएम ने उप निबंधक कार्यालय का भी निरीक्षण कर दैनिक कार्यों की जानकारी प्राप्त की। निरीक्षण के दौरान एसडीएम सिद्धार्थ पाठक, तहसीलदार नरेन्द्र कुमार, नायब तहसीलदार हंसराज, प्रकाश सिंह आदि मौजूद रहे।

No comments