छह माह से मानदेय न मिलने पर रोजगार सेवकों में रोष,बीडीओ को सौंपा ज्ञापन।
गोरखपुर जनपद के विकास खंड कैम्पियरगंज में कार्यरत ग्राम रोजगार सेवकों को बीते छह माह से मानदेय न मिलने के कारण गहरा आर्थिक संकट झेलना पड़ रहा है। इससे आक्रोशित रोजगार सेवकों ने सोमवार को खंड विकास अधिकारी (बीडीओ) सुप्रिया को ज्ञापन सौंपकर सभी रोजगार सेवकों को समान रूप से मानदेय भुगतान किए जाने की मांग उठाई।
रोजगार सेवकों ने बताया कि पूर्व में ब्लॉक की कंटिजेंसी मद से सभी रोजगार सेवकों को प्रति माह समान मानदेय का भुगतान किया जाता रहा है। उनकी नियुक्ति भी मासिक मानदेय के आधार पर हुई है, लेकिन वर्तमान समय में भुगतान में भेदभाव किया जा रहा है। उन्होंने आरोप लगाया कि ब्लॉक मनरेगा स्टाफ जैसे एपीओ, कंप्यूटर ऑपरेटर और अकाउंटेंट को छह माह का मानदेय भुगतान किया जा चुका है, जबकि कई रोजगार सेवकों को केवल 1 से 5 माह का भुगतान मिला है और कुछ को अब तक एक भी माह का मानदेय नहीं दिया गया है।
रोजगार सेवकों ने इसे सौतेला व्यवहार बताते हुए कहा कि अन्य विकास खंडों में ब्लॉक कंटिजेंसी मद से सभी मनरेगा स्टाफ और रोजगार सेवकों को समान रूप से मानदेय दिया जा रहा है। उन्होंने यह भी बताया कि वे निर्देशानुसार एनएमएमएस, बीएलओ ड्यूटी, प्रधानमंत्री आवास योजना, जीरो पावर्टी फैमिली आईडी ई-केवाईसी, फसल सर्वे, जियो टैगिंग सहित अन्य शासकीय कार्य नियमित रूप से करते आ रहे हैं, इसके बावजूद उन पर कार्य न करने के आरोप लगाए जाते हैं, जो पूरी तरह अनुचित है।
ज्ञापन सौंपने के दौरान ब्लॉक अध्यक्ष वरुणेश यादव, आशुतोष चतुर्वेदी, जयप्रकाश, जनेश्वर, प्रदीप, लालजी, आदित्य, मनोज सहित अन्य रोजगार सेवक मौजूद रहे।
इस संबंध में खंड विकास अधिकारी सुप्रिया ने बताया कि मानदेय का भुगतान ब्लॉक की कंटिजेंसी के अनुसार किया गया है। उन्होंने स्पष्ट किया कि जो रोजगार सेवक कंटिजेंसी के हिसाब से कार्य करेगा, उसी को मानदेय का भुगतान किया जाएगा।
रोजगार सेवकों ने चेतावनी दी है कि यदि शीघ्र ही समान रूप से मानदेय का भुगतान नहीं किया गया, तो वे आंदोलन करने को मजबूर होंगे।






No comments