ब्रेकिंग न्यूज़

महाराजगंज में करंट लगने से एक महिला की मौत हो गई।






महराजगंज जनपद के नगर पंचायत चौक के वार्ड नंबर 7, महाराणा प्रताप नगर उर्फ कटैया मोहल्ले की है।
मिली जानकारी के अनुसार, महिला अपने मायके आई हुई थी और मंगलवार को हैंडपंप पर स्नान कर रही थी। इसी दौरान अचानक हैंडपंप में विद्युत करंट आ गया, जिसकी चपेट में आने से महिला मौके पर ही गिर पड़ी।

गिरने की आवाज सुनकर पास मौजूद परिजन और आसपास के लोग मौके पर पहुंचे और महिला को तत्काल करंट से अलग कर गुरू गोरखनाथ सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने जांच के बाद उसे मृत घोषित कर दिया।

मृतका की पहचान बरडाडा थाना क्षेत्र के नरायनपुर गांव निवासी गिलासी के रूप में हुई है। बताया जा रहा है कि वह तीन दिन पहले अपनी बहन कैलाशी के घर कटैया चौक आई थी और मंगलवार को अपने घर लौटने की तैयारी कर रही थी।
इस घटना से परिवार में कोहराम मच गया है। मृतका के पति गंगा, पुत्र मंझेश और राजेश, पुत्री ईशा, बहन कैलाशी तथा अन्य परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है।

सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर पंचनामा भरते हुए पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।
थानाध्यक्ष ओमप्रकाश गुप्ता ने बताया कि मामले की जांच की जा रही है और आगे की विधिक कार्रवाई जारी है।
चौंकाने वाली बात यह है कि इस स्थान पर पहले भी करंट लगने से मौत की घटनाएं हो चुकी हैं। करीब दो वर्ष पहले कैलाशी के पड़ोसी सुमेश के भाई आसमान की करंट लगने से मौत हुई थी, वहीं लगभग छह महीने पहले खुद सुमेश की भी नल पर करंट की चपेट में आने से जान चली गई थी।
इसके बावजूद अब तक कोई ठोस सुरक्षा व्यवस्था नहीं की गई, जिससे एक बार फिर एक जान चली गई।

No comments