गोरखपुर में क्लब ‘17’ पर देर रात पुलिस छापा, अवैध हुक्का कारोबार का भंडाफोड़, चार गिरप्तार
गोरखपुर। जनपद के कैंट थाना क्षेत्र में देर रात पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए एक होटल में संचालित क्लब ‘17’ पर छापा मारकर अवैध हुक्का संचालन का भंडाफोड़ किया। इस कार्रवाई से क्लब में अफरा-तफरी मच गई और मौके पर मौजूद लोगों में हड़कंप की स्थिति बन गई।
पुलिस को गुप्त सूचना मिली थी कि कैंट क्षेत्र के एक होटल में स्थित क्लब ‘17’ में अवैध रूप से हुक्का परोसा जा रहा है, जहां युवाओं की भीड़ जुट रही है। सूचना के आधार पर थाना कैंट पुलिस ने तत्काल टीम गठित कर देर रात छापेमारी की। जैसे ही पुलिस टीम मौके पर पहुंची, क्लब में मौजूद लोगों के बीच भगदड़ जैसी स्थिति उत्पन्न हो गई।
छापेमारी के दौरान पुलिस ने मौके से हुक्का संचालन में लिप्त 4 लोगों को हिरासत में ले लिया। साथ ही क्लब से 20 हुक्के बरामद किए गए, जिनका उपयोग ग्राहकों को परोसने में किया जा रहा था। पुलिस ने बरामदगी के आधार पर आरोपियों के खिलाफ संबंधित धाराओं में मुकदमा दर्ज कर लिया है।
थाना कैंट पुलिस के अनुसार, प्रदेश में सार्वजनिक स्थानों पर हुक्का बार संचालन पर प्रतिबंध के बावजूद इस तरह की गतिविधियां लगातार सामने आ रही हैं। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि यह कार्रवाई अवैध गतिविधियों के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान का हिस्सा है और आगे भी ऐसी कार्रवाई जारी रहेगी।
पुलिस ने यह भी बताया कि गिरफ्तार आरोपियों से पूछताछ की जा रही है, ताकि यह पता लगाया जा सके कि इस अवैध कारोबार के पीछे और कौन-कौन लोग शामिल हैं। साथ ही क्लब संचालक और होटल प्रबंधन की भूमिका की भी जांच की जा रही है।
इस कार्रवाई के बाद क्षेत्र में चर्चा का माहौल है और स्थानीय लोगों ने पुलिस की तत्परता की सराहना की है। पुलिस ने स्पष्ट किया है कि कानून व्यवस्था से खिलवाड़ करने वालों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी और किसी भी अवैध गतिविधि को बर्दाश्त नहीं किया जाएगा।








No comments