ब्रेकिंग न्यूज़

जुआ खेलने के दौरान बनी लूट की साजिश, साथियों ने ही किया वार


गोरखपुर। थाना कैम्पियरगंज पुलिस को लूट के मामले में बड़ी सफलता हाथ लगी है। पुलिस ने तीन शातिर अभियुक्तों को गिरफ्तार कर उनके कब्जे से लूट के 13 हजार रुपये नगद, एक मोबाइल फोन तथा घटना में प्रयुक्त दो मोटरसाइकिल बरामद की है।
वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक गोरखपुर द्वारा चलाए जा रहे अपराध नियंत्रण अभियान के तहत प्रभारी निरीक्षक अरविन्द कुमार सिंह के नेतृत्व में पुलिस टीम ने थाना कैम्पियरगंज में पंजीकृत मुकदमा संख्या 211/2026 से संबंधित तीन अभियुक्तों—रविन्द्र निषाद, मुन्ना लाल मौर्य और गिरजेश यादव—को गिरफ्तार किया।
पुलिस के अनुसार, 25 अप्रैल 2026 को वादी मेहदावल से पीपीगंज जा रहा था, तभी रास्ते में तीन अज्ञात बाइक सवारों ने उसे रोककर मारपीट की और 77 हजार रुपये नगद व मोबाइल फोन लूट लिया। मामले में तहरीर के आधार पर मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू की गई थी।
जांच के दौरान पुलिस ने अभियुक्तों को गिरफ्तार कर उनके पास से 13 हजार रुपये, एक मोबाइल और दो मोटरसाइकिल बरामद की। गिरफ्तारी व बरामदगी के आधार पर मुकदमे में धाराओं में संशोधन करते हुए धारा 310(2), 3(5) व 317(2) बीएनएस के तहत कार्रवाई की जा रही है।
पुलिस अधीक्षक उत्तरी ज्ञानेंद्र ने पुलिस लाइन स्थित व्हाइट हाउस सभागार में प्रेस वार्ता के दौरान बताया कि सभी अभियुक्त आपस में जुआ खेलते थे और आपसी मुखबिरी के आधार पर ही लूट की घटनाओं को अंजाम देते थे।
पुलिस टीम में एसओजी, स्वाट, सर्विलांस और थाना कैम्पियरगंज की संयुक्त टीम शामिल रही, जिनकी सक्रियता से यह सफलता मिली। अग्रिम विधिक कार्रवाई की जा रही है।

No comments