धानी CHC की स्वास्थ्य सेवाओं पर सवाल, ड्यूटी से नदारद मिली ANM
महराजगंज। धानी सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र के अंतर्गत आने वाले स्वास्थ्य उपकेंद्रों की कार्यप्रणाली पर गंभीर सवाल खड़े हो रहे हैं। धानी CHC से गोरखपुर जनपद के करीब 30 गांवों को स्वास्थ्य सेवाएं प्रदान की जाती हैं, लेकिन जमीनी हकीकत कुछ और ही कहानी बयां कर रही है।
जब हमारी टीम ने क्षेत्र में बृहस्पतिवार को ग्राउंड पड़ताल की, तो छितही खुर्द उपकेंद्र पर तैनात ANM ड्यूटी स्थल पर मौजूद नहीं मिलीं। मामले की जानकारी लेने के लिए जब संबंधित बीपीएम अधिकारी से संपर्क किया गया, तो उन्होंने बताया कि संबंधित ANM पिछले तीन दिनों से छुट्टी पर हैं और फोन भी रिसीव नहीं कर रही हैं।
अब सबसे बड़ा सवाल यह उठता है कि यदि ANM अवकाश पर थीं, तो उनकी अनुपस्थिति में स्वास्थ्य सेवाओं की जिम्मेदारी किस कर्मचारी को सौंपी गई थी? क्या क्षेत्र की गर्भवती महिलाओं, नवजात शिशुओं और अन्य मरीजों की स्वास्थ्य सेवाएं भगवान भरोसे छोड़ दी गई थीं?
वहीं जांच के दौरान गेरूई खुर्द में तैनात ANM के बारे में बताया गया कि वह आयुष्मान कार्ड बनाने के कार्य में व्यस्त हैं। हालांकि मौके पर वह मौजूद नहीं मिलीं। करीब एक घंटे बाद वह आनन-फानन में पहुंचीं और हमारी टीम से मुलाकात की।
यहां भी कई सवाल खड़े होते हैं। जिस दिन स्वास्थ्य विभाग के निर्धारित कार्यक्रम के अनुसार क्लीनिक डे था, उस दिन स्वास्थ्य सेवाएं देने के बजाय आयुष्मान कार्ड बनाने का कार्य क्यों किया जा रहा था? क्या नियमित स्वास्थ्य सेवाओं को छोड़कर अन्य कार्यों को प्राथमिकता दी जा रही है?
ग्रामीणों का कहना है कि स्वास्थ्य उपकेंद्रों पर कर्मचारियों की अनुपस्थिति और लापरवाही के कारण उन्हें समय पर स्वास्थ्य सुविधाएं नहीं मिल पाती हैं। ऐसे में स्वास्थ्य विभाग को पूरे मामले की निष्पक्ष जांच कर जिम्मेदार लोगों के खिलाफ कार्रवाई करनी चाहिए, ताकि ग्रामीण क्षेत्रों में स्वास्थ्य सेवाएं प्रभावित न हों।








No comments