ब्रेकिंग न्यूज़

रिश्तों का खून: बेटे ने कुल्हाड़ी से काटकर पिता की हत्या, छत पर चढ़कर किया जुर्म कबूल।




गोरखपुर। गुलरिहा थाना क्षेत्र के जंगल अयोध्या प्रसाद नौका टोला में रिश्तों को शर्मसार कर देने वाली एक दर्दनाक घटना सामने आई है। यहां एक बेटे ने अपने ही पिता की कुल्हाड़ी से काटकर हत्या कर दी। वारदात के बाद आरोपी घर की छत पर चढ़ गया और लोगों के सामने अपने अपराध का खुलासा करते हुए सनसनी फैला दी।

मृतक की पहचान 50 वर्षीय ब्रम्हदेव कन्नौजिया के रूप में हुई है। जानकारी के अनुसार ब्रम्हदेव मंगलवार रात अपने घर के बाहर चारपाई पर सो रहे थे। इसी दौरान उनके मंझले बेटे गोलू ने कुल्हाड़ी से उन पर ताबड़तोड़ हमला कर दिया। सिर और शरीर पर गंभीर चोट लगने से उनकी मौके पर ही मौत हो गई।

हत्या के बाद आरोपी गोलू घर की छत पर चढ़ गया और जोर-जोर से चिल्लाते हुए लोगों को बताया कि उसने अपने पिता की हत्या कर दी है। उसकी आवाज सुनकर आसपास के ग्रामीण मौके पर पहुंचे और घटना की सूचना पुलिस को दी।

परिजनों के अनुसार आरोपी की मानसिक स्थिति ठीक नहीं थी और उसका इलाज चल रहा था। करीब दो माह पूर्व उसकी मां का भी निधन हो गया था। बताया जा रहा है कि मृतक ब्रम्हदेव अपने बेटे की देखभाल करते थे और घटना वाले दिन ही उसे इलाज के लिए मेडिकल कॉलेज ले जाने की तैयारी कर रहे थे।

सूचना मिलते ही गुलरिहा थाना पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। पुलिस ने आरोपी को हिरासत में लेकर पूछताछ शुरू कर दी है। वहीं फॉरेंसिक टीम ने घटनास्थल से साक्ष्य एकत्र किए हैं।

पुलिस का कहना है कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट और जांच के आधार पर आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी। घटना के बाद पूरे इलाके में शोक और दहशत का माहौल है।


No comments