महराजगंज में बाढ़ का खतरा बढ़ा, नदियों का जलस्तर तेजी से बढ़ा; डीएम ने तटबंधों का किया निरीक्षण
महराजगंज। जिले में पिछले दो दिनों से लगातार हो रही बारिश के चलते नदियों के जलस्तर में तेजी से बढ़ोतरी हुई है। कई नदियों के उफान पर आने से संभावित बाढ़ की स्थिति को देखते हुए प्रशासन अलर्ट मोड पर है। शनिवार को जिलाधिकारी गौरव सिंह सोगरवाल ने फरेंदा तहसील क्षेत्र में पहुंचकर नदी के जलस्तर और तटबंधों की स्थिति का जायजा लिया।
डीएम ने बेलसड़-रिगौली तटबंध का निरीक्षण कर उसकी स्थिति देखी। इसके बाद महाव नाला का भी जायजा लिया। मौके पर मौजूद अधिकारियों से उन्होंने जलस्तर, तटबंधों की स्थिति और बाढ़ से निपटने की तैयारियों की जानकारी ली।
निरीक्षण के दौरान जिलाधिकारी ने सिंचाई विभाग के अधिकारियों को लगातार निगरानी रखने और पूरी तरह अलर्ट रहने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि नदियों के जलस्तर में लगातार हो रही बढ़ोतरी को देखते हुए संवेदनशील स्थानों पर विशेष निगरानी रखी जाए और किसी भी संभावित स्थिति से निपटने के लिए सभी आवश्यक तैयारियां पूरी रखी जाएं।
डीएम ने अधिकारियों को निर्देशित किया कि तटबंधों या नदी किनारे के क्षेत्रों में किसी भी तरह की समस्या सामने आने पर तत्काल सूचना दी जाए, ताकि समय रहते आवश्यक कदम उठाए जा सकें। बाढ़ जैसी स्थिति उत्पन्न होने पर प्रशासन और संबंधित विभागों को तत्काल कार्रवाई करने के निर्देश दिए गए।
2.18 लाख क्यूसेक पानी छोड़े जाने से बढ़ी सतर्कता
बताया गया कि शनिवार सुबह वाल्मीकिनगर गंडक बैराज से करीब 2.18 लाख क्यूसेक पानी छोड़ा गया, जिसके बाद महराजगंज जिले में नदियों के जलस्तर को लेकर प्रशासन ने सतर्कता और बढ़ा दी है।
चंदन, प्यास, महाव, रोहिन, त्रिमुहानी, रोहिन बैराज और रतनपुर समेत कई स्थानों पर जलस्तर खतरे के निशान के आसपास पहुंचने की स्थिति बताई गई है। इसके चलते नदी किनारे बसे गांवों में भी निगरानी बढ़ा दी गई है।
लगातार हो रही जलस्तर की निगरानी
प्रशासन की ओर से सिंचाई विभाग, राजस्व विभाग समेत अन्य संबंधित विभागों को आपसी समन्वय के साथ स्थिति पर नजर रखने के निर्देश दिए गए हैं। अधिकारियों की निगरानी में नदी क्षेत्रों के जलस्तर के उतार-चढ़ाव पर लगातार नजर रखी जा रही है।
प्रशासन का कहना है कि किसी भी आपात स्थिति से निपटने के लिए संबंधित विभागों को तैयार रखा गया है और संवेदनशील क्षेत्रों में लगातार निगरानी की जा रही है।








No comments