वीर बहादुर नगर के जफीर अहमद बने इलाहाबाद हाईकोर्ट के न्यायाधीश
महराजगंज के वीर बहादुर नगर निवासी और स्वर्गीय जमीर अहमद के सुपुत्र जफीर अहमद को इलाहाबाद हाईकोर्ट में न्यायाधीश के पद पर नियुक्त किया गया है। इस खबर के सामने आते ही जनपद सहित पूरे क्षेत्र में खुशी की लहर दौड़ गई है। जफीर अहमद की यह उपलब्धि न केवल उनके परिवार के लिए बल्कि समूचे महराजगंज जनपद के लिए गर्व की बात है।
जफीर अहमद ने अपनी प्रारंभिक शिक्षा महाराजगंज इंटर कॉलेज से प्राप्त की। इंटरमीडिएट की पढ़ाई गणेश शंकर विद्यार्थी स्मारक इंटर कॉलेज, महाराजगंज से पूरी की। इसके बाद उन्होंने स्नातक की डिग्री जवाहरलाल नेहरू पीजी कॉलेज, महाराजगंज से तथा विधि की शिक्षा संत विनोबा पीजी कॉलेज, देवरिया से प्राप्त की। पढ़ाई पूरी करने के बाद उन्होंने 1996-97 से लेकर 2008 तक दीवानी न्यायालय, महाराजगंज में वकालत की। वर्ष 2008 में उत्तर प्रदेश हाईयर ज्यूडिशियल सर्विस (HJS) परीक्षा उत्तीर्ण कर वे अपर जिला जज के पद पर नियुक्त हुए।
अपनी कड़ी मेहनत, ईमानदारी और निष्पक्ष न्याय दृष्टिकोण के बल पर वे न्यायिक सेवा में निरंतर प्रगति करते रहे। वर्तमान में वे गोंडा जनपद में जिला जज के पद पर कार्यरत थे। अब उन्हें इलाहाबाद उच्च न्यायालय में न्यायाधीश के रूप में नई जिम्मेदारी सौंपी गई है।
उनकी इस उपलब्धि की सूचना सबसे पहले सामाजिक संस्था ‘सिटीजन फोरम’ के सचिव डॉ. शांति शरण मिश्र ने सोशल मीडिया के माध्यम से साझा की, जिसके बाद उन्हें बधाई देने वालों का तांता लग गया। जनपद के अनेक शिक्षाविद, अधिवक्ता, चिकित्सक, सामाजिक कार्यकर्ता और जनप्रतिनिधियों ने उन्हें दूरभाष के माध्यम से बधाई दी।
जफीर अहमद वर्तमान में भी बेहद सरल, सज्जन और मिलनसार व्यक्तित्व के धनी हैं। वे अपने व्यवहार और कर्तव्यनिष्ठा के लिए क्षेत्र में अत्यंत लोकप्रिय हैं। महाराजगंज में उनके छोटे भाई सुहेल अहमद अपने परिवार के साथ वीर बहादुर नगर में निवास करते हैं।
No comments