ब्रेकिंग न्यूज़

मंगेतर से वीडियो कॉल के बाद युवती ने लगाई फांसी, शादी से पहले उठाया खौफनाक कदम



गोरखपुर जनपद के कैंपियरगंज क्षेत्र से एक बेहद दुखद और चौंकाने वाली घटना सामने आई है। यहां एक युवती ने अपने मंगेतर से वीडियो कॉल पर बातचीत करने के कुछ देर बाद घर में फंदा लगाकर आत्महत्या कर ली। घटना के बाद पूरे गांव में सनसनी फैल गई और परिवार में कोहराम मच गया।


जानकारी के अनुसार, कैंपियरगंज क्षेत्र के एक गांव की रहने वाली युवती की शादी महाराजगंज जिले के फरेंदा क्षेत्र निवासी युवक से तय हुई थी। दोनों की सगाई भी हो चुकी थी और परिवार शादी की तैयारियों में जुटा था। बताया जा रहा है कि नवंबर-दिसंबर में दोनों की शादी होने वाली थी।


परिजनों और पुलिस की शुरुआती जांच में सामने आया है कि सगाई के बाद दोनों के बीच अक्सर वीडियो कॉल पर बातचीत होती थी। शनिवार को भी दोनों की काफी देर तक बात हुई थी। आशंका जताई जा रही है कि बातचीत के दौरान किसी बात को लेकर विवाद हुआ होगा, जिसके बाद युवती ने यह खौफनाक कदम उठा लिया।


घटना के समय घर पर कोई मौजूद नहीं था। पिता किसी काम से गोरखपुर गए हुए थे, जबकि मां गांव में ही एक अन्य कार्य से बाहर गई थीं। जब परिजन वापस लौटे तो कमरे का दरवाजा बंद मिला। काफी आवाज लगाने के बाद भी कोई जवाब नहीं मिला। दरवाजा खोलने पर युवती कमरे में दुपट्टे के सहारे फंदे से लटकी मिली। यह दृश्य देखकर परिवार के लोगों की चीख-पुकार मच गई।
घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। 

पुलिस का कहना है कि प्रथम दृष्टया मामला आत्महत्या का लग रहा है, लेकिन हर पहलू की गंभीरता से जांच की जा रही है। कॉल रिकॉर्ड और मोबाइल चैट के आधार पर यह पता लगाने की कोशिश की जा रही है कि आखिर बातचीत के दौरान ऐसा क्या हुआ, जिसने युवती को इतना बड़ा कदम उठाने पर मजबूर कर दिया।


इस दर्दनाक घटना के बाद गांव में मातम पसरा हुआ है। शादी की खुशियां अचानक मातम में बदल गईं। स्थानीय लोग भी इस घटना से स्तब्ध हैं और युवती के परिवार को सांत्वना दे रहे हैं।

No comments