ब्रेकिंग न्यूज़

गोरखपुर के कैंपियरगंज न्यू आरांश हॉस्पिटल में प्रसूता की मौत से मचा हड़कंप, परिजनों ने लगाया लापरवाही और मारपीट का आरोप



कैंपियरगंज (गोरखपुर)। कैंपियरगंज क्षेत्र स्थित एक निजी अस्पताल में प्रसव के बाद एक महिला की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हो जाने से हड़कंप मच गया। मृतका के परिजनों ने अस्पताल प्रबंधन पर गंभीर लापरवाही, गलत इंजेक्शन लगाने तथा मारपीट करने का आरोप लगाया है।

जानकारी के अनुसार, गोरखपुर जनपद के कैंपियरगंज क्षेत्र के बलुआ गांव निवासी अयोध्या राजभर की पुत्री कांति (22 वर्ष) की शादी महराजगंज जनपद के नौतनवा क्षेत्र के बरतानी गांव में हुई थी। प्रसव के लिए वह अपने मायके बलुआ आई हुई थी। परिजनों के अनुसार प्रसव पीड़ा होने पर उसे कैंपियरगंज सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र (सीएचसी) ले जाया गया, जहां डिलीवरी नहीं हो सकी।

आरोप है कि इसके बाद आशा कार्यकर्ता की सलाह पर प्रसूता को कैंपियरगंज स्थित न्यू आरांश हॉस्पिटल में भर्ती कराया गया। वहां ऑपरेशन के माध्यम से बच्चे का जन्म हुआ। परिजनों का कहना है कि ऑपरेशन के बाद जच्चा और बच्चा दोनों स्वस्थ थे, लेकिन कुछ समय बाद अस्पताल कर्मियों द्वारा एक इंजेक्शन लगाए जाने के बाद महिला की हालत अचानक बिगड़ गई। आरोप है कि महिला के मुंह से झाग निकलने लगा और थोड़ी ही देर में उसकी मौत हो गई।

मृतका के परिजनों ने अस्पताल प्रबंधन पर गंभीर लापरवाही का आरोप लगाते हुए कहा कि घटना के बाद जब उन्होंने विरोध किया तो अस्पताल कर्मियों ने उनके साथ अभद्रता और मारपीट की। इतना ही नहीं, परिजनों का आरोप है कि उनके सामान और बर्तनों को अस्पताल से बाहर फेंक दिया गया तथा उन्हें जबरन अस्पताल परिसर से बाहर कर दिया गया।

घटना की सूचना मिलने के बाद क्षेत्र में आक्रोश का माहौल है। परिजन मामले की निष्पक्ष जांच कर दोषियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की मांग कर रहे हैं। वहीं समाचार लिखे जाने तक अस्पताल प्रबंधन का पक्ष सामने नहीं आ सका था।

यदि परिजनों के आरोप सही पाए जाते हैं, तो यह मामला निजी अस्पतालों में मरीजों की सुरक्षा और स्वास्थ्य सेवाओं की गुणवत्ता पर गंभीर सवाल खड़े करता है। प्रशासनिक जांच के बाद ही मौत के वास्तविक कारणों का खुलासा हो सकेगा।


No comments