फरेंदा में स्कूली वाहनों पर यातायात पुलिस की सख्त कार्रवाई, 5 वाहनों का चालान, ₹10 हजार जुर्माना।
महराजगंज। स्कूली छात्र-छात्राओं की सुरक्षा को सर्वोच्च प्राथमिकता देते हुए यातायात पुलिस ने मंगलवार (14 जुलाई 2026) को फरेंदा कस्बा क्षेत्र में विशेष अभियान चलाकर स्कूल एवं कॉलेज की बसों की सघन जांच की।
जांच के दौरान बसों की फिटनेस, बीमा, ड्राइविंग लाइसेंस (DL), CCTV कैमरा, अग्निशामक यंत्र, आपातकालीन खिड़की और फर्स्ट एड बॉक्स सहित अन्य आवश्यक सुरक्षा मानकों की पड़ताल की गई।
यातायात पुलिस ने वाहन चालकों को निर्देश दिए कि सभी स्कूली बसों में अनिवार्य रूप से CCTV कैमरे लगाए जाएं, निर्धारित गति सीमा का पालन किया जाए तथा बसों में अग्निशामक यंत्र और पर्याप्त फर्स्ट एड बॉक्स हर समय उपलब्ध रहें।
अभियान के दौरान नियमों का उल्लंघन करने वाले 5 वाहनों का चालान करते हुए ₹10,000 का जुर्माना लगाया गया। यातायात पुलिस ने स्पष्ट किया कि स्कूली बच्चों की सुरक्षा से किसी भी प्रकार का समझौता नहीं किया जाएगा और ऐसे अभियान आगे भी लगातार जारी रहेंगे।








No comments