ब्रेकिंग न्यूज़

महराजगंज: अश्लील वीडियो के लिंक बेचने वाले गिरोह का भंडाफोड़, चार आरोपी गिरफ्तार।


महराजगंज। महराजगंज पुलिस ने साइबर अपराध के खिलाफ बड़ी कार्रवाई करते हुए अश्लील वीडियो के लिंक बेचने वाले एक संगठित गिरोह का भंडाफोड़ किया है। पुलिस ने कार्रवाई के दौरान चार आरोपियों को गिरफ्तार किया है, जो सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म टेलीग्राम और एक्स (पूर्व में ट्विटर) पर फर्जी आईडी बनाकर लोगों को अश्लील वीडियो के लिंक बेचने का कारोबार चला रहे थे।

पुलिस के अनुसार, आरोपी पहले ग्राहकों को अश्लील वीडियो के सैंपल भेजकर उन्हें झांसे में लेते थे और फिर 290 से 499 रुपये तक ऑनलाइन भुगतान लेकर लिंक उपलब्ध कराते थे। गिरोह लंबे समय से इस अवैध गतिविधि में संलिप्त था।

मामले की जांच के दौरान साइबर सर्विलांस टीम ने डिजिटल साक्ष्यों के आधार पर नेटवर्क की लोकेशन ट्रैक की, जिसके बाद महराजगंज के सिंदुरिया थाना क्षेत्र के कसमरिया गांव में छापेमारी कर कार्रवाई की गई।

छापेमारी के दौरान पुलिस ने चार मोबाइल फोन, एक डेस्कटॉप कंप्यूटर, सीपीयू, डेटा केबल सहित कई डिजिटल उपकरण बरामद किए। जांच में फर्जी सोशल मीडिया आईडी, आपत्तिजनक फोटो-वीडियो के स्क्रीनशॉट और अन्य महत्वपूर्ण डिजिटल साक्ष्य भी मिले हैं।

पुलिस ने गिरफ्तार चारों आरोपियों के खिलाफ संबंधित धाराओं में मुकदमा दर्ज कर लिया है और यह पता लगाने में जुटी है कि इस नेटवर्क से और कितने लोग जुड़े हुए हैं। साथ ही गिरोह के वित्तीय लेन-देन और ऑनलाइन नेटवर्क की भी गहन जांच की जा रही है।

पुलिस अधिकारियों का कहना है कि साइबर अपराध और अश्लील सामग्री के अवैध कारोबार में शामिल किसी भी व्यक्ति को बख्शा नहीं जाएगा तथा ऐसे नेटवर्क के खिलाफ आगे भी सख्त अभियान जारी रहेगा।

No comments