ब्रेकिंग न्यूज़

गोरखपुर में दिल दहला देने वाली वारदात: 5 वर्षीय मासूम की हत्या, 24 घंटे बाद खंडहर से मिला शव।


गोरखपुर के सहजनवा क्षेत्र से इंसानियत को झकझोर देने वाली घटना सामने आई है। नगर पंचायत सहजनवा के वार्ड संख्या 9 पिपरा निवासी विपिन सिंह के पांच वर्षीय पुत्र अंशुमान सिंह की हत्या कर उसका शव झाड़ियों के बीच एक खंडहर में फेंक दिया गया। मासूम गुरुवार शाम घर से फुल्की खाने के लिए निकला था, लेकिन वापस नहीं लौटा। परिजनों की सूचना पर पुलिस ने गुमशुदगी का मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू की और आसपास के सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली।
जांच के दौरान एक सीसीटीवी फुटेज में बच्चा एक किराएदार के साथ जाता दिखाई दिया। इसके बाद पुलिस ने संदिग्ध को हिरासत में लेकर पूछताछ की और उसकी निशानदेही व अन्य सुरागों के आधार पर शुक्रवार शाम खंडहर से मासूम का शव बरामद किया। शव बोरे से ढका हुआ मिला, जिससे पूरे इलाके में सनसनी फैल गई।


घटना की सूचना मिलते ही वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक, क्षेत्राधिकारी, स्थानीय थाना पुलिस और फोरेंसिक टीम मौके पर पहुंची। शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है और घटनास्थल से साक्ष्य जुटाए गए हैं। पुलिस के अनुसार हत्या के कारणों का खुलासा पोस्टमार्टम रिपोर्ट और आरोपी से पूछताछ के बाद होगा। फिलहाल आरोपी हिरासत में है और मामले की गहन जांच जारी है।

No comments