गोरखपुर में 5 वर्षीय मासूम के अपहरण के बाद हत्या, फिरौती की साजिश का खुलासा; दंपति गिरफ्तार
गोरखपुर। थाना सहजनवा पुलिस ने 5 वर्षीय मासूम के अपहरण और हत्या के सनसनीखेज मामले का खुलासा करते हुए एक दंपति को गिरफ्तार किया है। पुलिस के अनुसार, आरोपियों ने फिरौती वसूलने की नीयत से मासूम का अपहरण किया था, लेकिन पुलिस की सक्रियता बढ़ने पर उसकी हत्या कर शव ठिकाने लगा दिया।
पुलिस के मुताबिक, 2 जुलाई 2026 को बच्चे के दादा ने थाना सहजनवा में अपने 5 वर्षीय पौत्र के लापता होने की सूचना दी थी। इस पर पुलिस ने तत्काल मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू की। सीसीटीवी फुटेज और अन्य साक्ष्यों की जांच में बच्चा आरोपी कल्पेश राय के साथ जाता हुआ दिखाई दिया। इसके बाद पुलिस ने सघन तलाश अभियान चलाया और 3 जुलाई को मासूम का शव बरामद किया।
जांच के दौरान पुलिस ने आरोपी कल्पेश राय और उसकी पत्नी नीलम प्रभा राय को गिरफ्तार कर पूछताछ की। पुलिस के अनुसार, पूछताछ में कल्पेश ने स्वीकार किया कि उसने अपनी पत्नी के साथ मिलकर फिरौती के उद्देश्य से बच्चे का अपहरण किया था। लेकिन जब परिवार ने बच्चे के गायब होने की सूचना पुलिस को दे दी और जांच तेज हो गई, तो पकड़े जाने के डर से दोनों ने मासूम की हत्या कर दी।
गिरफ्तार आरोपियों के विरुद्ध थाना सहजनवा में दर्ज मुकदमा संख्या 336/2026 में भारतीय न्याय संहिता (BNS) की विभिन्न धाराओं के तहत कार्रवाई की जा रही है। पुलिस ने दोनों आरोपियों को न्यायालय में पेश कर आगे की विधिक कार्रवाई शुरू कर दी है।
इस कार्रवाई को थाना प्रभारी वरिष्ठ उपनिरीक्षक बलराम पाण्डेय के नेतृत्व में गठित पुलिस टीम ने अंजाम दिया। पुलिस अधिकारियों ने बताया कि मामले की विवेचना जारी है और सभी पहलुओं की गहन जांच की जा रही है।
रिपोर्ट - अजय अग्रहरी








No comments