गोरखपुर में रात के अंधेरे में सनसनी: सो रही महिला की मच्छरदानी ब्लेड से काटी, CCTV में कैद हुई संदिग्धों की हरकत।
कैंपियरगंज : गोरखपुर जनपद के कैंपियरगंज थाना क्षेत्र के बनकटा हाईवे रोड पर देर रात एक बेहद चिंताजनक घटना सामने आई है। घर के बाहर चौकी पर मच्छरदानी लगाकर सो रही एक महिला ने आरोप लगाया कि रात करीब 1 बजे तीन संदिग्ध युवक बाइक से पहुंचे और उसकी मच्छरदानी को ब्लेड से काट दिया।
महिला के अनुसार, वह गहरी नींद में थी। अचानक उसे एहसास हुआ कि कोई उसके बिल्कुल पास खड़ा है। जब उसकी आंख खुली तो उसने देखा कि उसकी मच्छरदानी ब्लेड से काटी जा चुकी थी। महिला का कहना है कि यदि समय रहते उसकी नींद नहीं खुलती, तो कोई बड़ी और अप्रिय घटना हो सकती थी।
घटना के बाद आसपास लगे CCTV कैमरों की फुटेज खंगाली गई। फुटेज में दिखाई दे रहा है कि एक मोटरसाइकिल पर सवार तीन युवक मौके पर पहुंचे। पहले एक युवक उतरकर आसपास की स्थिति का जायजा लेता है, फिर वापस जाकर अपने एक साथी को साथ लाता है। करीब 8 मिनट तक संदिग्ध गतिविधियां करने के बाद तीसरा युवक बाइक स्टार्ट करता है और तीनों मौके से फरार हो जाते हैं।
स्थानीय लोगों का कहना है कि इस इलाके में आपराधिक घटनाएं लगातार बढ़ रही हैं। कुछ दिन पहले भी इसी मार्ग पर एक युवक से बाइक सवार बदमाश मोबाइल छीनकर फरार हो गए थे। इसके बावजूद अब तक किसी भी घटना का खुलासा नहीं हो सका है, जिससे लोगों में भय और नाराजगी का माहौल है।
ग्रामीणों ने पुलिस प्रशासन से मांग की है कि CCTV फुटेज के आधार पर आरोपियों की जल्द पहचान कर उन्हें गिरफ्तार किया जाए, ताकि क्षेत्र में बढ़ रहे अपराधों पर अंकुश लगाया जा सके और लोगों में सुरक्षा का विश्वास बहाल हो सके।








No comments