गोरखनाथ थाने की रिपोर्ट पर 22 फर्जी पासपोर्ट बने, निलंबित सिपाही गिरफ्तार।
गोरखपुर। गोरखनाथ थाना क्षेत्र से फर्जी सत्यापन कर पासपोर्ट जारी कराने के मामले में पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए निलंबित सिपाही शशिकांत यादव को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया है। जांच में खुलासा हुआ कि आरोपी ने अपनी लगभग दो वर्ष की तैनाती के दौरान 22 पासपोर्ट फर्जी पते और कूटरचित दस्तावेजों के आधार पर सत्यापित किए, जिसके बाद ये पासपोर्ट जारी हुए।
पुलिस जांच के अनुसार आरोपी सिपाही ने अपने पद का दुरुपयोग करते हुए बिना वास्तविक निवास सत्यापन किए कई आवेदनों को सही बताते हुए रिपोर्ट भेज दी। बाद में जांच में कई आवेदकों के पते गलत और फर्जी पाए गए। मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस और पासपोर्ट विभाग ने 30 से अधिक अन्य संदिग्ध पासपोर्टों की भी जांच शुरू कर दी है।
जांच के दौरान यह भी सामने आया कि पंजाब के कुख्यात गैंगस्टर बिल्ला का पासपोर्ट भी गोरखनाथ क्षेत्र के एक फर्जी पते पर जारी कराया गया था। इस खुलासे के बाद पूरे नेटवर्क की गहन जांच शुरू की गई और कई अन्य संदिग्ध मामलों की पड़ताल की जा रही है।
इस फर्जीवाड़े के खुलासे के बाद पहले तीन लोगों को गिरफ्तार कर जेल भेजा जा चुका है। वहीं पर्याप्त साक्ष्य मिलने पर निलंबित सिपाही शशिकांत यादव को भी गिरफ्तार कर लिया गया। पुलिस अब यह पता लगाने में जुटी है कि इस पूरे गिरोह में और कौन-कौन लोग शामिल थे तथा फर्जी सत्यापन के बदले कितनी धनराशि ली जाती थी।
पुलिस का कहना है कि मामले की जांच जारी है और जांच में सामने आने वाले तथ्यों के आधार पर आगे भी कार्रवाई की जाएगी। यदि अन्य लोगों की संलिप्तता सामने आती है तो उनके खिलाफ भी सख्त कानूनी कार्रवाई की जाएगी।








No comments