करोड़ों की संपत्ति पर पुलिस की कुर्की, आनंदनगर में मचा हड़कंप!
महराजगंज। जिले के आनंदनगर कस्बे में चर्चित स्वर्ण व्यवसायी जोखन सर्राफ के परिवार में संपत्ति विवाद ने बड़ा कानूनी मोड़ ले लिया है। एसडीएम फरेंदा के आदेश पर पुलिस ने करोड़ों रुपये मूल्य की आधा दर्जन से अधिक दुकानों और मकानों को कुर्क कर दिया। भारी पुलिस बल की मौजूदगी में हुई इस कार्रवाई से पूरे कस्बे में हड़कंप मच गया।
बताया जा रहा है कि जोखन सर्राफ के परिवार में संपत्ति के बंटवारे और कब्जे को लेकर उनके पुत्र अरविंद वर्मा, अनुरंजन वर्मा, किशन वर्मा और रविंद्र वर्मा के बीच लंबे समय से विवाद चल रहा था। परिवार और स्थानीय स्तर पर कई बार समझौते के प्रयास किए गए, लेकिन विवाद का समाधान नहीं निकल सका।
इसके बाद छोटे पुत्र रविंद्र वर्मा ने एसडीएम फरेंदा की अदालत में भारतीय नागरिक सुरक्षा संहिता (BNSS) की धारा 164 के तहत वाद दायर किया। न्यायालय ने दोनों पक्षों को कई बार नोटिस जारी कर अपना पक्ष रखने का अवसर दिया, लेकिन बताया जा रहा है कि कोई भी पक्ष निर्धारित तिथियों पर उपस्थित नहीं हुआ।
इसी बीच फरेंदा थानाध्यक्ष द्वारा भेजी गई शांति व्यवस्था और संपत्ति विवाद संबंधी रिपोर्ट का संज्ञान लेते हुए एसडीएम फरेंदा ने विवादित संपत्तियों की कुर्की का आदेश जारी कर दिया। आदेश के अनुपालन में पुलिस टीम भारी सुरक्षा व्यवस्था के साथ मौके पर पहुंची और विवादित दुकानों एवं मकानों को विधिक प्रक्रिया के तहत कुर्क कर दिया।
करोड़ों रुपये की संपत्ति पर हुई इस कार्रवाई के दौरान मौके पर बड़ी संख्या में लोग जमा हो गए। किसी भी अप्रिय स्थिति से निपटने के लिए पुलिस बल पूरे समय तैनात रहा। आनंदनगर कस्बे में दिनभर इस कार्रवाई की चर्चा होती रही।








No comments