ब्रेकिंग न्यूज़

कैंपियरगंज में नवीन यादव का शक्ति प्रदर्शन या सिर्फ गाड़ियों का काफिला? स्थानीय कार्यकर्ताओं की कम मौजूदगी ने उठाए सवाल



गोरखपुर:- कैंपियरगंज। 2027 विधानसभा चुनाव से पहले कैंपियरगंज में समाजवादी पार्टी की ओर से संभावित प्रत्याशी के रूप में दावेदारी कर रहे नवीन यादव ने शनिवार को 320 विधानसभा क्षेत्र में जनसंपर्क और भ्रमण कार्यक्रम किया। कार्यक्रम की शुरुआत सुबह करीब 10 बजे जमुआर से हुई। इसके बाद काफिला जगतबेला, डोहरिया, मजनू, जंगल कौड़िया और पीपीगंज सहित कई इलाकों से होकर गुजरा।

आयोजकों की ओर से कार्यक्रम को बड़ा जनसंपर्क अभियान बताते हुए कार्यकर्ताओं और समर्थकों की भारी मौजूदगी का दावा किया गया। पीपीगंज में सपा के जिला उपाध्यक्ष विनय यादव के नेतृत्व में स्वागत कार्यक्रम भी आयोजित किया गया, जहां फूल-मालाओं और नारों के साथ नवीन यादव का स्वागत किया गया।

हालांकि, कार्यक्रम की जमीनी तस्वीर को लेकर अब सवाल भी उठ रहे हैं। स्थानीय स्तर पर चर्चा है कि भ्रमण कार्यक्रम में बड़ी संख्या में स्थानीय कार्यकर्ताओं की मौजूदगी अपेक्षा के अनुरूप नजर नहीं आई। वहीं, काफिले में बड़ी संख्या में वाहन दिखाई दिए, लेकिन कई वाहनों में लोगों की संख्या काफी कम होने की बात सामने आई।

ऐसे में सवाल यह है कि क्या लंबा वाहन काफिला ही जनसमर्थन की ताकत है, या फिर बूथ और गांव स्तर पर स्थानीय कार्यकर्ताओं की मजबूत मौजूदगी ही असली राजनीतिक पकड़ का पैमाना होगी?

नवीन यादव कैंपियरगंज विधानसभा से सपा के टिकट के लिए अपनी दावेदारी मजबूत करने में जुटे हैं। ऐसे में उनका यह भ्रमण कार्यक्रम निश्चित रूप से राजनीतिक चर्चा का विषय बना है। लेकिन आगामी दिनों में यह देखना दिलचस्प होगा कि उनका जनसंपर्क अभियान वास्तविक जमीनी समर्थन में कितना बदल पाता है।

No comments